फरीदाबाद में पांच नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व सरपंच व प्रॉपर्टी डीलर के घर धावा बोलकर करीब एक करोड़ रुपये लूट लिए। बदमाशों ने मकान मालिक को रस्सियों से बांधकर गनप्वाइंट पर रखा और रातभर वह चारपाई पर बंधा रहा।
फरीदाबाद में गांव फतेहपुर तगा (जोहड़ कॉलोनी) में हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम देते हुए पूर्व सरपंच व प्रॉपर्टी डीलर के घर से करीब एक करोड़ रुपये की नकदी लूट ली। शुक्रवार-शनिवार की देर रात करीब दो से ढाई बजे दीवार फांदकर घर में घुसे पांच नकाबपोश बदमाशों ने मकान मालिक को चारपाई पर रस्सियों से बांधकर गनपॉइंट पर ले लिया और कमरे में रखी अलमारियों व बेड को तोड़कर नकदी लेकर भाग गए।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित अब्दुल करीम की शिकायत पर थाना धौज में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस की संयुक्त टीमें शहर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
विज्ञापन
जमीन की रजिस्ट्री के लिए घर में रखी थी एक करोड़ की रकम
फतेहपुर तगा निवासी पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर व पूर्व सरपंच अब्दुल करीम के अनुसार, उनके भाई अरशद भी सरपंच रह चुके हैं। पीड़ित ने हाल ही में अपनी एक जमीन का सौदा किया था। शनिवार को उस जमीन की कुछ रजिस्ट्रियां होनी थीं, जिसके चलते जमीन की बिक्री से प्राप्त करीब एक करोड़ रुपये की नकदी उन्होंने घर में ही रखी हुई थी। बदमाशों को शायद इस बड़ी रकम के घर में मौजूद होने की सटीक भनक लग चुकी थी, जिसके बाद उन्होंने इस वारदात की योजना बनाई।
रात ढाई बजे दीवार फांदकर घुसे बदमाश
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वारदात के समय वह घर पर अकेला था और परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। शुक्रवार-शनिवार की रात करीब ढाई बजे पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाश मकान की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। उस वक्त अब्दुल करीम गहरी नींद में था। बदमाशों ने आते ही हथियारों के बल पर उसे अपने कब्जे में ले लिया और चारपाई पर रस्सियों के सहारे कसकर बांध दिया। इसके बाद एक बदमाश उस पर बंदूक तानकर वहीं खड़ा रहा, जबकि बाकी चार बदमाश अंदर कमरों में घुस गए।
कमरे खंगाले, अलमारी के ताले तोड़कर नकदी लेकर भागे
बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने घर के कमरों में जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी के दरवाजे और ताले तोड़ दिए तथा बेड को भी पूरी तरह खंगाला। अलमारी में रखी करीब एक करोड़ रुपये की पूरी नकदी निकालने के बाद बदमाश उसी तोड़ी गई दीवार के रास्ते आसानी से भाग गए।
रातभर चारपाई पर बंधा पड़ा रहा पीड़ित, सुबह परिजनों ने छुड़ाया
अब्दुल करीम ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसे चारपाई पर इस तरह कसकर बांध गए थे कि वह थोड़ा भी हिल-डुल नहीं सकता था। वह पूरी रात असहाय स्थिति में चारपाई पर ही बंधा पड़ा रहा। शनिवार सुबह जब उसके परिवार के सदस्य घर पहुंचे, तब उन्होंने उसकी हालत देखकर उसे रस्सियों से मुक्त कराया। इसके बाद अब्दुल करीम ने पास के मकान में सो रहे परिजनों को पूरी बात बताई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, घर में बिखरा मिला सामान
वारदात की सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस के साथ आई फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए। डकैती की वारदात के बाद घर के कमरों में अलमारियों के तोड़े गए ताले और सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था, जिसकी तस्वीरें भी पुलिस ने जांच में शामिल की हैं।
मुखबिरी के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस और क्राइम ब्रांच
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर थाना धौज में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी हैं। जांच के लिए धौज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। इस एंगल से भी गहन जांच कर रही है कि बदमाशों को घर में इतनी बड़ी रकम रखे होने की जानकारी कैसे मिली। पुलिस को किसी करीबी या मुखबिर का हाथ होने की आशंका है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।