बैंक की ओर से की जा रही नीलामी में जमीन दिलाने का दिया था झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के एक प्रॉपर्टी डीलर से बैंक की ओर से की जा रही नीलामी में जमीन दिलाने का झांसा देकर करीब 63.84 लाख रुपये ठग लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने एक कथित बिल्डर कंपनी के फर्जी प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि बैंक मैनेजर की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है।
आर्थिक अपराध शाखा की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद को आसरेक इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधि बताकर सेक्टर-14 में एक 375 गज की प्रॉपर्टी का सौदा लगभग 4.22 करोड़ रुपये में तय किया था। आरोपी ने कहा कि यह संपत्ति बैंक ऑक्शन में आई है और उसके बैंक कर्मियों से अच्छे संबंध हैं।
शिकायतकर्ता पुनीत कुमार गोयल रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी पीयूष पांडेय ने बैंक ऑफ इंडिया के खाते में एडवांस रकम जमा करने को कहा। भरोसा करते हुए उन्होंने 23 सितंबर 2025 को 63.84 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने डील पक्की दिखाने के लिए मोबाइल पर एक फाॅर्म भी भेजा जिसे पीड़ित ने भरकर लौटा दिया।
लेकिन जब कई दिन बीतने के बाद भी न रजिस्ट्री हुई न कोई कागजात दिए गए, तो डीलर को शक हुआ। उन्होंने नेहरू प्लेस स्थित आसरेक इंडिया लिमिटेड के दफ्तर जाकर जांच की तो पता चला कि पीयूष पांडेय नाम का कोई व्यक्ति कंपनी में कार्यरत ही नहीं है और न ही वह प्रतिनिधि है।
जांच में यह भी सामने आया कि जिस खाते में पैसे भेजे गए थे, वह कंपनी का नहीं बल्कि बैंक का ही खाता था और बैंक मैनेजर की मंजूरी के बिना खाते से धन निकासी संभव नहीं थी। पुलिस ने अब फर्जी प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी दोनों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।