चंडीगढ़ में हुई बैठक में आढ़तियों की समस्याओं व फड़ आंवटन समेत अन्य बातों पर हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ सब्जी मंडी में छोटे आढ़तियों की समस्या पर चंडीगढ़ में विधायक नीरज शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें फड़ों को दोबारा आवंटित करने में पारदर्शिता बरतने को कहा।
विधायक ने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने पिछले माह डबुआ सब्जी मंडी में अलाॅट हुए 704 फड़ों को रद्द कर दिया है और सचिव मार्किट कमेटी को आदेश दिए हैं कि दोबारा से 25 फरवरी 2018 की नीति के अनुसार फड़ अलॉटमेंट की कार्रवाई शुरू की जाए। इस आदेश के बाद विधायक नीरज शर्मा ने चंडीगढ़ में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर से मुलाकात की। विधायक का कहना है कि 4 सालों बाद डबुआ मंडी में फड़ों को रद्द किया गया, समय जरूर लगा लेकिन जीत हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए की पुनः फड़ आवंटन होना है वह बिल्कुल पारदर्शी तरीके से किया जाए। जो असली हकदार हैं उनको इसका लाभ मिले। पहले फड़ आवंटन किए गए थे, वे मर्सिडीज में घूमने वाले थे। बैठक में छोटे आढ़तियों की समस्या रखी गई, जिनको बूथ पर आढ़त का लाइसेंस दिया गया था लेकिन उन्हें अब आढ़त का काम करने नहीं दिया जा रहा है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि तत्कालीन मार्केट सचिव राहुल यादव जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते विभाग ने उनकी दो वार्षिक वृद्धि रोक दी हैं तथा कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ विधायक ने बताया कि गांव धौंज से टिकरी खेड़ा , गांव पाखल से नेकपुर , गांव बिजोपुर से गांव खोरी वाले रास्ते काफी जर्जर अवस्था में हैं, जोकि हरियाणा राज्य कृषि बोर्ड के अंतर्गत आते हैं। इस पर अधिकारियों ने बताया कि इसके एस्टीमेट तैयार किया जा रहे हैं जल्दी इनका पुनर्निर्माण या रिपेयरिंग कराई जाएगी। इस मौके पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, सचिव मार्कटिंग बोर्ड वीरेंद्र सिंह, डबुआ मंडी से रविंद्र कुमार, सुशील कुमार, मुकेश कुमार, रामेश्वर दयाल शर्मा, टिनकेश उपस्थित रहे।