जिला नागरिक अस्पताल की नेत्र ओपीडी में बढ़ रही मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भीषण गर्मी और तेज धूप का असर अब लोगों की आंखों पर भी पड़ने लगा है। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच आंखों में जलन, लालिमा, खुजली, सूखापन और संक्रमण जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला नागरिक अस्पताल की नेत्र ओपीडी में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
नेत्र विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म हवाओं, धूल और सूर्य की तेज पराबैंगनी (यूवी) किरणों के कारण आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों और बच्चों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है। कई मरीज आंखों में पानी आने, चुभन, जलन और धुंधला दिखाई देने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
मरीजों का कहना है कि दोपहर के समय बाहर निकलने पर आंखों में तेज जलन महसूस होती है। कुछ लोगों ने आंखें लाल होने और लगातार पानी आने की शिकायत भी बताई। अस्पताल पहुंचे मरीजों के अनुसार धूल और गर्म हवा के कारण आंखों में असहजता बढ़ रही है, जिससे दैनिक कार्यों में भी परेशानी हो रही है।
बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां
नेत्र रोग विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप में बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाले धूप के चश्मे का उपयोग करें। आंखों को बार-बार हाथों से न छुएं और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। धूलभरे वातावरण में काम करने वाले लोग सुरक्षात्मक चश्मा पहनें। आंखों में जलन, लालिमा या संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी आई ड्रॉप इस्तेमाल न करें।
इन दिनों तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आंखों से संबंधित समस्याओं के मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को धूप में निकलते समय आंखों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लें।-डॉ. निधि सूद, नेत्र रोग विशेषज्ञ