स्टूडेंट पास दिखाने के बाद भी मां रहे हैं पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा छात्रों की सुविधा को देखते हुए निजी बसों में भी स्टूडेंट पास मान्य करने के आदेश के बावजूद निजी बस चालक मनमानी कर रहे हैं। आदेश में कहा गया था छात्रों की आवागमन की दिक्कतों को देखते हुए अब सरकारी बसों के साथ-साथ निजी बसों में भी छात्र पास पूरी तरह वैध होगा।
इसके बावजूद भी कई रूट पर निजी बस चालक पास दिखाने पर किराया मांग रहे हैं। छात्रों का कहना है कि बस चालक यह कहकर पास नहीं मानते कि उन्हें इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिले है। छात्रों के अनुसार रोजमर्रा की इस परेशानी की वजह से उन्हें आर्थिक बोझ तो झेलना ही पड़ रहा है, साथ ही समय पर कॉलेज या स्कूल पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है।
परिवहन विभाग की ओर से कहा गया है कि शिकायतें मिलने पर संबंधित रूटों पर जांच कराई जाएगी और आदेश का उल्लंघन करने वाले बस चालकों व ऑपरेटरों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने छात्रों से भी अपील की है कि वे ऐसे किसी भी मामले की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन या संबंधित अधिकारियों को दें ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।