अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी के जिला फरीदाबाद कार्यालय ‘अटल कमल’ सहित फरीदाबाद जिले के सभी 877 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना गया। भाजपा जिला अध्यक्ष रामपाल ने बताया कि हमारे केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, विधायक धनेंद्र अधलखा,महापौर प्रवीण जोशी व वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में उनके विचारों को सुना और गहराई से आत्मसात किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि हर माह की तरह इस बार भी मन की बात कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा। आज के एपिसोड में पीएम मोदी ने योग दिवस, आपातकाल के काले समय को याद कर आपातकाल की आलोचना करते हुए कहा कि इमरजेंसी के समय लड़ने वाले लोगों को याद रखा जाना चाहिए, सेहत को ठीक रखने के लिए खाने में 10 फीसदी तक तेल कम करने, स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए, पर्यावरण संरक्षण – पौधरोपण और स्वदेशी सामान खरीदने की अपील भी की। उन्होंने आंखों की बीमारी ट्रैकोमा के खात्मे, अमरनाथ यात्रा, जगन्नाथ रथ यात्रा व अन्य बहुत सी प्रेरणादायक विषयों पर बात की।
मंत्री राजेश नागर ने परिजनों के साथ सुना मन की बात कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 123वें एपिसोड को आज हरियाणा के मंत्री राजेश नागर ने अपने निवास पर स्वजनों के साथ बैठकर सुना। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आपातकाल के समय के अपने अनुभवों को साझा किया। जिस समय देश में विपक्ष को जेल में ठूंस दिया गया, लाखों लोग घरों से बेघर हो गए, मीडिया को पाबंदी कर दी गई जिससे कि कोई अपनी आवाज ना उठा सके। इस प्रकार के माहौल में एक तानाशाही सरकार ने लोकतंत्र को लगभग कुचल दिया। उस समय नरेंद्र मोदी भी एक युवा क्रांतिकारी के रूप में सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ अड़ गए लेकिन झुके नहीं।