चार माह में काम पूरा करने का लक्ष्य, दुर्गा मंदिर रोड और राम वाली गली में होगा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। वार्ड नंबर-9 स्थित जवाहर कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या अब दूर होने की उम्मीद है। नगर निगम ने इलाके में ड्रेनेज और सड़क सुधार के लिए करीब 60 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य करेगा। योजना के तहत दुर्गा मंदिर रोड और राम वाली गली में नई आरसीसी नालियां बनाने के साथ एम-25 ग्रेड की कंक्रीट सड़क तैयार की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार काम पूरा होने के बाद बरसात के दौरान होने वाली परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
परियोजना का मुख्य फोकस 27 फीट चौड़ी राम वाली गली और दुर्गा मंदिर रोड के उस हिस्से पर है जहां हर वर्ष बरसात में पानी भर जाता है। योजना के अनुसार सड़क के दोनों किनारों पर करीब दो-दो फीट चौड़ी आरसीसी ड्रेन बनाई जाएंगी ताकि पानी की निकासी सीधे मुख्य लाइन तक हो सके।
इसके साथ ही सड़कों को कोलतार की जगह रेडी मिक्स कंक्रीट (एम-25 ग्रेड) से बनाया जाएगा जिससे सड़क की मजबूती बढ़ेगी और बार-बार मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ेगी।
लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
इलाके के निवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण घरों में पानी घुस जाता है और सड़कें टूटने से आवाजाही भी प्रभावित होती है। नई ड्रेन बनने से पानी रुकने की समस्या कम होगी और कंक्रीट सड़क बनने से लंबे समय तक राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि बेहतर सड़क और नाली बनने से क्षेत्र की प्रॉपर्टी कीमतों पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
पांच साल तक गुणवत्ता की जिम्मेदारी
निगम ने निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी पर सख्त शर्तें लगाई हैं। काम पूरा होने के बाद पांच वर्ष तक मेंटेनेंस और किसी भी खराबी को ठीक करने की जिम्मेदारी एजेंसी की रहेगी। इसके अलावा खुदाई से पहले कॉल बिफोर यू डिग प्रणाली के तहत संबंधित विभागों को सूचना देना अनिवार्य किया गया है ताकि भूमिगत पाइपलाइन या केबल को नुकसान न पहुंचे।
निगम की तरफ से इस परियोजना का काम जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। - सतपाल, कार्यकारी अभियंता नगर निगम