केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने स्थानीय निवासियों से नारियल तुड़वाकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लगातार बड़ी चुनौती बनी हुई है। खासकर नेशनल हाईवे से सटे कई सेक्टरों और कॉलोनियों में बारिश के समय सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी समस्या के समाधान की दिशा में वार्ड-30 के सेक्टर-28 में करीब 51 लाख रुपये की लागत से बनने वाली डिस्पोजल एवं बरसाती पानी निकासी वाटर पाइप लाइन परियोजना का शुभारंभ किया गया।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने स्थानीय निवासियों से नारियल तुड़वाकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बरसाती पानी जमा होने की समस्या बनी हुई थी जिसके कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भरने से ट्रैफिक बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता था।
मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए सरकार जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-28 में बनने वाली नई पाइप लाइन से बरसाती पानी की निकासी तेज होगी और सड़क पर जलभराव की समस्या में काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए योजनाएं तैयार की जा रही हैं। फरीदाबाद में पिछले कुछ वर्षों में कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आती रही है। एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और हाईवे से जुड़े कई क्षेत्रों में बारिश के दौरान लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर निगम, एफएमडीए और अन्य एजेंसियां लगातार ड्रेनेज नेटवर्क सुधारने के लिए परियोजनाओं पर काम कर रही हैं।
विकास कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं बल्कि विकास योजनाओं को जमीन पर उतारकर लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं। विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पार्षद अनिल नागर, विमल मोहन, अनिल गुप्ता, अजय सांगा, मुकेश गोयल, विकास मक्कड़, संजय सरदाना सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।