बीके अस्पताल में गर्भवतियों को मिलेगा दूध और अंडा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में अब गर्भवतियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से गर्भवतियों को दूध और अंडा उपलब्ध कराने की योजना शुरू की जा रही है, जिससे मां और नवजात शिशु को जरूरी पोषक तत्व मिल सकें।
इस संबंध में प्रधान चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। योजना का उद्देश्य गर्भवतियों को अतिरिक्त पोषण देकर उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत बनाना और नवजात शिशु के विकास को भी बेहतर बनाना है।
फिलहाल अस्पताल में एक सामाजिक संस्था की ओर से खिचड़ी और दलिया जैसी साधारण चीजें गर्भवतियों को दी जाती हैं। विशेष अवसरों पर खीर और फल भी वितरित किए जाते हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि यह पोषण पर्याप्त नहीं होता, जिससे कई बार नवजात शिशु कुपोषित रह जाते हैं और उनके शारीरिक विकास पर नकारात्मक असर पड़ता है।
अब अस्पताल की नई योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को दूध और अंडा दिया जाएगा। अंडा प्रोटीन, विटामिन बी12, डी, फोलेट, कोलीन और सेलेनियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो न सिर्फ मां की शारीरिक शक्ति बढ़ाता है बल्कि शिशु के मस्तिष्क और हड्डियों के विकास में भी मदद करता है। वहीं, दूध कैल्शियम, विटामिन-डी और प्रोटीन का प्रमुख स्रोत है, जो मां की हड्डियों को मजबूत बनाता है और समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।
वर्जन
भोजन की सुविधा को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से टेंडर जारी किया गया है। इसमें भोजन के साथ-साथ दूध और अंडा भी शामिल होगा, जो गर्भवती महिलाओं और उनके नवजात शिशुओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। इस पहल से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और दोनों का स्वास्थ्य स्तर बेहतर होगा। डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी
भारती दुबे