फरीदाबाद बीके नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में एक घंटे से बिजली नही आने पर , टॉर्च की रोशन
- फोटो : Archive
टॉर्च की रोशनी में हुआ मरीजों का उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में मंगलवार सुबह करीब एक घंटे तक बिजली गुल रहने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान आपातकालीन विभाग में मरीजों की मरहम-पट्टी और प्राथमिक उपचार टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्वास्थ्यकर्मी टॉर्च की रोशनी में मरीज का उपचार करते दिखाई दे रहे हैं। आपातकालीन विभाग जैसी महत्वपूर्ण जगह पर बिजली गुल होने से अस्पताल की बैकअप व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आपातकालीन विभाग की बिजली चली गई थी। करीब सवा 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान आपातकालीन विभाग में उपचार कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हुई। हालांकि, अस्पताल के ओपीडी क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सामान्य बनी रही।
समस्या आने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए
मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि आपातकालीन विभाग में बिजली आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। फॉल्ट या अन्य तकनीकी समस्या आने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था शुरू होनी चाहिए। मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में गंभीर मरीजों का उपचार होता है। ऐसे में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से इलाज प्रभावित होने की आशंका रहती है। अस्पताल में जनरेटर या अन्य बैकअप व्यवस्था को इतना मजबूत किया जाना चाहिए कि बिजली जाते ही आपातकालीन विभाग की आपूर्ति बहाल हो सके।
वर्जन
बिजली आपूर्ति में फॉल्ट आने के कारण समस्या हुई थी। ओपीडी क्षेत्र में बिजली सामान्य रही। आपातकालीन विभाग की बिजली भी करीब सवा 11 बजे बहाल कर दी गई थी। - डॉ. विकास गोयल, कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी