संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ सब्जी मंडी के गेट के पास शुक्रवार शाम अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। तार के जमीन पर गिरते ही उसमें आग लग गई। गनीमत रही कि जिस समय तार टूटा, उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली का तार मंडी में कूड़े के ढेर के ऊपर गिरा। तार में आग लगने के साथ ही कूड़े ने भी आग पकड़ ली। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंडी में मौजूद दुकानदार और लोग कुछ देर के लिए सहम गए। लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर स्थिति को देखा। कूड़ा ज्यादा न होने से आग अधिक नहीं फैली और लोगों की ओर से आग को बुझा दिया गया।
दुकानदार राकेश और हरिंदर का कहना है कि मंडी में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने और सामान लेने के लिए आते हैं। ऐसे में बिजली के तारों का इस तरह अचानक टूटकर गिरना गंभीर चिंता का विषय है। यदि तार किसी दुकानदार या ग्राहक के ऊपर गिर जाता तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद मंडी के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बिजली निगम से क्षेत्र में लगे बिजली के तारों और खंभों की जांच कराने की मांग की है।