- शव लेने के लिए पहुंचे केवल दो रिश्तेदार, सूदखोरों से परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-37 में कर्जदारों की धमकी से परेशान परिवार के हाथों की नस काटकर आत्महत्या के प्रयास मामले में शनिवार को मृतक बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने शव उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया। हैरत की बात यह थी कि इतने बड़े मामले में शव लेने के लिए केवल दो रिश्तेदार ही बीके शवगृह पहुंचे थे। वहीं दूसरी तरफ अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से घायल मृतक की पत्नी व पुत्र वधू की हालत में सुधार है। बेटा व दो पोते की हालत में सुधार बताया गया हैं।
सेक्टर-37 में अनिरुद्ध गोयल अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में 72 वर्षीय बुजुर्ग पिता श्याम गोयल थे। मां साधना, पत्नी निधि, 19 वर्षीय बेटा धनंजय और 15 वर्षीय दूसरा बेटा हिमांग है। श्याम गोयल का पहले दिल्ली चांदनी चौक पर देसी घी का काम था लेकिन अब वह कुछ नहीं करते थे। अनिरुद्ध ने नोएडा में हाेम स्पेस इंटीरियर नाम से कंपनी खोली हुई है। काम में घाटा होने के कारण अनिरूद्ध पर करीब 40 करोड़ रुपये का कर्जा हो गया था। पैसे लेने के लिए कुछ युवक बृहस्पतिवार रात को इनके घर आए थे लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो युवक उनके गार्ड का अपहरण कर ले गए और धमकी दे गए। इससे परेशान होकर देर रात परिवार ने खौफनाक कदम उठाया। अनिरूद्ध और उसके बड़े बेटे धनंजय ने केवल नींद की गोलियां निगली थी। बाकी सदस्यों ने हाथ की नसें काट लीं। मौके पर ही अनिरूद्ध के पिता श्याम गोयल की मौत हो गई। उसकी पत्नी निधि और माता साधना गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
20 से अधिक लोग रोज फोन करते थे परेशान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अनिरुद्ध को दुबई, मुंबई व गुजरात से लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे। उसने मुंबई निवासी किशन, अहमदाबाद निवासी स्वामी जी, रोहिणी दिल्ली निवासी सन्नी, दुबई निवासी गैरी उर्फ दीवानसुख, राकी, आकाश व 10 अन्य लोगों पैसा उधार लिए थे। सराय ख्वाजा थाने में इन सभी के खिलाफ अपहरण करने, आत्महत्या के लिए विवश करने और धमकी देने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।