अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में 8वें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ करते हुए प्रशासन ने इसे जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। कार्यक्रम के तहत माताओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में एसडीएम मयंक भारद्वाज ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे निर्धारित गतिविधियों को गंभीरता से लागू करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पोषण संबंधी जागरूकता पहुंच सके। उन्होंने बताया कि इस दौरान बच्चों के मानसिक विकास, खेल-खेल में शिक्षा, मोबाइल के सीमित उपयोग और बागवानी जैसे विषयों पर भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों का समग्र विकास संभव है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को इस अभियान की अहम कड़ी बताते हुए सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।