मोहना रोड पर पीडब्ल्यूडी ने की कार्रवाई, पहले दिए थे नोटिस
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मोहना रोड पर प्रस्तावित एलिवेटेड पुल के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान विभाग ने एलिवेटेड पुल के निर्माण की जद में आ रहे हैं दुकानों के हिस्सों को तोड़ दिया। विभाग ने कार्रवाई से पहले मालिकों को नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद दुकान मालिकों ने स्वयं निर्माण नहीं हटाया। तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।
विभाग ने एक दिन पहले ही पूरे बाजार में मुनादी कराकर दुकानदारों को निर्धारित सीमा के भीतर आने वाले हिस्से को स्वयं हटाने का अनुरोध किया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची और पहले से की गई निशानदेही के अनुसार 33 फीट की सीमा तक तोड़फोड़ की। कार्रवाई दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट रामप्रकाश, पीडब्ल्यूडी के जेई अरुण जैन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से निर्माण हटाया गया।
प्रशासन का कहना है कि एलिवेटेड पुल परियोजना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। इसके लिए निर्माण कार्य में बाधा बनने वाले ढांचों को हटाना आवश्यक है।