अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले के लोगों को फिलहाल प्रदूषण से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। पिछले तीन दिनों से वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार 250 से अधिक बना हुआ है, जो प्रदूषण की खराब श्रेणी में आता है। बुधवार को फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 270 दर्ज किया गया।
शहर में हवा की गति लगभग थम सी गई है। बुधवार को तीन किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली। जिससे प्रदूषित कण एक जगह इकट्ठे होने लगे हैं। ऐसे में प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिनों से फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब और बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ था। मंगलवार को प्रदूषण में थोड़ा सुधार देखने को मिला था। इस दौरान एक्यूआई 179 पहुंच गया था। बुधवार को फिर से करीब 100 अंकों की बढ़ोत्तरी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी सूची के अनुसार फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 270 दर्ज किया गया। मंगलवार की तुलना में यह 91 अंक ज्यादा रहा। मंगलवार को एक्यूआई 179 दर्ज किया गया था। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की बात करें तो सेक्टर 16 क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां का एक्यूआई 338 दर्ज किया गया। सेक्टर-16ए क्षेत्र में एक्यूआई 213 दर्ज किया गया। हालांकि फरीदाबाद के मुकाबले बल्लभगढ़ क्षेत्र की हवा कुछ साफ रही। अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। बुधवार को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 234 दर्ज रहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी संदीप के अनुसार कुछ दिनों से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। हल्की हवा चलने के बाद यह कम होने लगेगा।