फरीदाबाद। दिवाली पर हुई आतिशबाजी और शहर में जगह-जगह जलते कूड़े ने फरीदाबाद की आबोहवा बिगाड़ दी। पटाखों के धुएं से हवा इतनी प्रदूषित हुई कि सोमवार को फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 350 और बल्लभगढ़ का 316 तक पहुंच गया। प्रदूषण ने पिछले दो साल की दिवाली के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि, सोमवार को पूर्व-उत्तर दिशा से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। हवा के झोंकों की गति 17 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जिससे प्रदूषकों के फैलाव और हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला।
निजी एप पर 1300 से ज्यादा दिखा रहा एक्यूआई
जिला प्रशासन ने ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए केवल दो दिन के लाइसेंस जारी किए थे। इसके बावजूद बाजारों में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री धड़ल्ले से हुई। पुलिस ने भी अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए। दिवाली पर प्रदूषण की स्थिति को लेकर सरकारी निगरानी केंद्रों और निजी एप के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। कुछ निजी एप पर प्रदूषण का स्तर 1300 से अधिक दर्ज किया गया।
विज्ञापन
निजी एप के अनुसार, रविवार रात आठ बजे तक शहर का एक्यूआई करीब 355 दर्ज किया गया। रात 10 बजे इसमें तेजी से बढ़ोतरी हुई और यह 772 तक पहुंच गया। रात 11 बजे एक्यूआई बढ़कर 1325 पहुंच गया। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में गिरावट शुरू हुई। सोमवार सुबह छह बजे एक्यूआई घटकर 474 और सात बजे 308 पर पहुंच गया। निजी एप के इन आंकड़ों ने दिवाली पर आतिशबाजी के बाद हवा में बढ़े प्रदूषण की गंभीरता को उजागर किया।
कूड़े के ढेरों में लगी आग, रातभर उठता रहा धुआं-
शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर भी आतिशबाजी के कारण आग की चपेट में आ गए। गौंछी ड्रेन के किनारे जमा कूड़े में आग लगने से रातभर धुआं उठता रहा। वहीं, सरूरपुर की यादराम-श्याम कॉलोनी के पास अज्ञात लोगों ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी, जिससे आसपास के इलाके में धुआं फैल गया। इसके अलावा कई स्थानों पर लोगों ने खुद ही कूड़े के ढेर में आग लगा दी। कूड़ा जलने से उठे जहरीले धुएं ने भी हवा की गुणवत्ता को और खराब कर दिया।
पटाखों के धुएं का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ा। जिला नागरिक अस्पताल में सोमवार को सांस संबंधी परेशानी, अस्थमा, खांसी और गले में दर्द की शिकायत लेकर करीब 80 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल के अनुसार, अचानक प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी और अन्य समस्याएं हो रही हैं। उन्होंने अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने और मास्क पहने की सलाह दी है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशांत कुमार ने बताया कि बच्चों को प्रदूषित वातावरण से बचाकर रखना चाहिए। बच्चों को घर से बाहर नहीं निकालना चाहिए। साथ ही घर में एयर प्यूरीफायर लगाना चाहिए। इससे बच्चों को राहत मिलेगी।