फरीदाबाद। पल्स पोलियो अभियान जिले में लगातार दो दिन से जारी है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने पांच वर्ष तक के 1.80 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का काम पूरा कर लिया है। कुल लक्ष्य का 80 फीसदी विभाग ने दो दिन में पूरा कर लिया है। शेष 20 फीसदी बच्चों को अभियान के तीसरे दिन दवा पिलाने का काम जारी रहेगा।
जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जा रही है। तीन दिवसीय अभियान की शुरुआत 27 जून से की गई थी। पहले दिन बूथ पर बच्चों को दवा पिलाई गई। वहीं, दूसरे दिन डोर टू डोर पांच वर्षीय बच्चों की पहचान कर दवा पिलाने का काम स्वास्थ्य विभाग की टीम करने में जुटी है। जिले में कुल 2 लाख 16,615 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जानी है। दो दिन में 83 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। अब तक कुल 1 लाख 80 हजार 124 बच्चों को दवा पिलाई जा चुकी है।
पोलियो अभियान के नोडल डॉ. राजेश श्योकंद ने बताया कि पहले दिन 1 लाख 30 हजार 549 बच्चों को दवा पिलाई गई थी। वहीं, सोमवार को 49 हजार 575 बच्चों को दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि बचे हुए बच्चों को दवा पिलाने के लिए मंगलवार को भी डोर टू डोर अभियान जारी रहेगा। इस इस काम में 1132 टीमें लगी हुई हैं।