फरीदाबाद। लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखकर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार को शहर में ‘पुलिस प्रेजेंस डे’ मनाया। इस दौरान शहर में करीब तीन घंटे तक सभी थानों की पुलिस फील्ड में नजर आई। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करके उन पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त डॉ अर्पित जैन ने बताया कि पुलिस को देख कर अपराधी भयभीत हो जाते हैं और वह किसी भी प्रकार की वारदात को अंजाम देने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। अपराधियों से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके इसलिए खास अभियान चलाकर लोगों के बीच सुरक्षा का भाव पैदा किया।
शहर में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर पुलिसकर्मियों द्वारा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। बॉर्डर वाले इलाकों में भी नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई, ताकि बाहर से आने वाले संदिग्ध व्यक्ति शहर के अंदर किसी भी वारदात को अंजाम न दे सकें। डॉ अर्पित जैन ने कहा कि समाज में आपराधिक घटनाओं को रोकने में पुलिस के साथ-साथ समाज के लोगों का भी अहम योगदान होता है।
लोगों द्वारा सही समय पर पुलिस को अपराधियों की सूचना पहुंचाई जाए तो समाज में अपराधियों पर लगाम कसकर शांति व्यवस्था को कायम रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे सतर्क रहकर अपने आसपास के क्षेत्र में रहने वाले किसी भी प्रकार के संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पुलिस को देकर समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपना सहयोग दें।