बल्लभगढ़। गांव इमामुद्दीनपुर में सुबह को दौड़ लगाने के लिए इकट्ठा हुए युवकों का शाहजहांपुर गांव के युवकों के साथ झगड़ा हो गया। गांव के लोगों ने युवकों को समझाबुझाकर शांत कर दिया। थोड़ी देर बाद फिर से युवाओं के बीच मारपीट शुरू हो गई। मामले की सूचना पाकर चांदपुर चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ युवकों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। इसमें एक एएसआई और सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने करीब 40 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि चांदपुर गांव के युवक अपने निकटवर्ती गांव इमामुद्दीनपुर के सरकारी स्कूल में प्रतिदिन सुबह कसरत और दौड़ लगाने जाते हैं। बुधवार सुबह चांदपुर गांव के युवक सड़क पर दौड़ लगा रहे थे। आरोप है कि शाहजहांपुर गांव के युवक भी वहां आ गए और दौड़ लगा रहे युवकों के साथ मोटरसाइकिल दौड़ाने लगे। इस बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा करने लगे। गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करा दिया। मामला शांत होने के बाद दोनों गांवों के युवक अपने अपने घर चले गए। आरोप है कि थोड़ी ही देर बाद दोनों गांव के युवक फिर से आमने सामने आ गए। मामला बिगड़ता देख एक ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। मामले की सूचना पाकर चांदपुर पुलिस चौकी की पीसीआर मौके पर पहुंच गई। इसमें एएसआई केशराम, सिपाही राजकुमार और ड्राइवर था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां पर एकत्रित भीड़ को हटाने के लिए डंडा फटकारने शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसी बीच भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया और पुलिस की जिप्सी के शीशे, लाइट आदि को तोड़ दिया। आरोपी युवकों ने एएसआई केशराम और सिपाही राजकुमार के साथ भी मारपीट की। इसके बाद थाना छांयसा प्रभारी वीरेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। झगडे़ में दोनों गांवों के करीब एक दर्जन युवा भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
थाना छांयसा प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 40 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। दोनों गांवों में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त जारी है। आरोपियों की पहचान कर उनके घरों पर छापामारी की जा रही है।