पुलिस के अनुसार, एत्मादपुर की गली नंबर-2 स्थित होटल एचआर-07 में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सेंट्रल महिला थाना प्रभारी उषा रानी के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम में महिला थाना, बीपीटीपी, पल्ला और खेड़ी थाना पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे।
बुधवार शाम पुलिस ने होटल में छापेमारी की। जांच के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से छह युवतियां और दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। जांच में आरोप है कि दिल्ली से महिलाओं और युवतियों को बुलाकर होटल में देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि हिरासत में ली गई अधिकांश युवतियां दिल्ली की रहने वाली हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए होटल संचालन में शामिल एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा यह कब से संचालित की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।