अधिकारी दफ्तर में बैठकर देख सकेंगे पुलिसकर्मियों की रियल टाइम लोकेशन, लापरवाही पर लगेगी लगाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने स्मार्ट ई-बीट सिस्टम को लागू कर दिया है। इस डिजिटल प्रणाली के शुरू होने से अब फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों की गतिविधियों और गश्त की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सीधे अधिकारियों के मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन पर होगी। हरियाणा सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग पहल के तहत गुरुग्राम और पंचकूला के बाद अब फरीदाबाद पुलिस को भी इस तकनीक से पूरी तरह जोड़ दिया गया है।
ई-बीट सिस्टम पूरी तरह से एक मोबाइल एप आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसे हरियाणा पुलिस ने बंगलूरू की एक आईटी कंपनी के साथ मिलकर तैयार किया है। बीट पर तैनात पुलिसकर्मियों के मोबाइल में इस एप को डाउनलोड कराकर लॉग-इन आईडी दी गई है। इसके जरिए पुलिसकर्मी न केवल अपनी हाजिरी दर्ज करते हैं, बल्कि गश्त के दौरान वे किस गली या चौराहे पर मौजूद हैं, इसकी सटीक जानकारी अधिकारियों को मिलती रहती है। इससे पहले की मैनुअल व्यवस्था में होने वाली कमियां अब दूर हो गई हैं और पुलिस की जवाबदेही तय हुई है।
इस सिस्टम के जरिये शहर के संवेदनशील स्थानों जैसे एटीएम, पेट्रोल पंप, स्कूल, धार्मिक स्थल और अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के घरों को डिजिटल मैप पर चिह्नित किया गया है। पुलिसकर्मियों को इन पॉइंट पर गश्त करना अनिवार्य होता है। इस व्यवस्था से चोरी, झपटमारी और छेड़छाड़ जैसी वारदातों वाली जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है।
ई-बीट सिस्टम का सबसे बड़ा लाभ यह है कि किसी भी अपराध या हादसे की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम तुरंत यह देख सकेगा कि घटनास्थल के सबसे करीब कौन सा पुलिसकर्मी या राइडर मौजूद है। इससे पुलिस का रिस्पांस टाइम काफी कम हो जाएगा और पीड़ित को जल्द से जल्द मदद मिल सकेगी। भविष्य में इसे डायल-112 सेवा से भी एकीकृत किया जाएगा। फरीदाबाद पुलिस के अनुसार, इस डिजिटल सुधार से फील्ड में पुलिसकर्मियों की उपस्थिति बढ़ी है, जिसके सकारात्मक परिणाम अपराध पर अंकुश के रूप में सामने आ रहे हैं।