फरीदाबाद के सेक्टर-12 टाउन पार्क के पास रविवार देर रात स्टंटबाजी के दौरान एसीपी सराय राजेश लोहान की थार एसयूवी ने प्रॉपर्टी डीलर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने एसीपी के बेटे समेत चार युवकों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। सेंट्रल डिवीजन की डीसीपी ऊषा सिंह ने बताया कि तथ्यों के स्पष्ट होने पर गिरफ्तारी होगी, फिलहाल नामों का खुलासा नहीं। थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।
एसीपी की थार से देर रात स्टंट
जिले में तैनात एसीपी सराय राजेश कुमार लोहान की थार गाड़ी से स्टंट करने और विवाद होने पर रौंदकर एक युवक की जान लेेने का मामला सामने आया है। घटना रविवार देर रात सेंट्रल थाना इलाके में सेक्टर-13 कट के पास हुई। युवक को रौंदने के बाद आरोपी थार सवार वहां से भाग गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेंट्रल थाना में अज्ञात कार चालक के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। कार एसीपी सराय राजेश कुमार लोहान के नाम पर रजिस्टर्ड है।
हिरासत से पहले ऊषा सिंह का बयान
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल ऊषा सिंह ने बताया कि टीमें जांच कर रही है। जल्द ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात रविवार देर रात लगभग एक बजे की बताई गई है। नंगला एन्क्लेव पार्ट टू निवासी विक्की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बड़े भाई मनोज कुमार रविवार को अपने दोस्त अनिल राणा, प्रवेश, राहुल, अमन, शिवम, नवदीप के साथ वृंदावन गए थे। लौटते समय बाईपास रोड पर सेक्टर 9 में प्रवेश की दुकान पर सभी रुक गए। वहां से नवदीप व अमन बाइक लेकर खाना लेने के लिए 11/12 डिवाइडिंग रोड से धर्मा ढाबा पर जा रहे थे।
आरोप है कि जब नवदीप व अमन सेक्टर 13 कट के पास पहुंचे तभी पीछे से आई थार कार के चालक ने उनकी बाइक की ओर कट मारा। जब नवदीप और अमन ने उनकी ओर देखा तो थार सवार गाली गलौज करने लगे। आरोपियों ने बार-बार कार से बाइक को टक्कर मारकर का प्रयास किया। इसके बाद थार सवार सेक्टर-12 की ओर मुड़ गए। नवदीप और अमन अपनी बाइक लेकर कुछ देर वहीं खड़े हो गए।
दोस्तों ने नोट किया गाड़ी का नंबर
तभी मनोज व बाकी दोस्त भी वहां कार से पहुंच गए। नवदीप व अमन ने दोस्तों को पूरी बात बताई तो सभी टाउन पार्क की ओर गए। वहां थार कार सवार स्टंट कर रहे थे। मनोज व उसके साथी गाड़ी से उतरकर थार की ओर बढ़े तो आरोपी थार सवार ने बाइक पर सवार नवदीप व अमन को पहचान लिया और उन्हें टक्कर मारने का प्रयास किया।
बाकी लोग तो पीछे हट गए लेकिन मनोज को टक्कर मारकर कुचलते हुए आरोपी कार भगा ले गया। कार का नंबर युवकों ने नोट कर लिया। मनोज को गंभीर हालत में सेक्टर-16ए के मेट्रो अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार दोपहर बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिवार के हवाले कर दिया। परिवार की मांग व विरोध पर ही सड़क हादसे की बजाय हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है।