मौके से संचालक को किया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 की अनाज मंडी में अवैध रूप से चल रहे एक हुक्का बार पर शुक्रवार रात पुलिस ने छापेमारी की। यहां कैफे 52 की आड़ में युवाओं को फ्लेवर्ड हुक्का परोसा जा रहा था। पुलिस ने मौके से हुक्के और प्रतिबंधित तंबाकू बरामद कर संचालक को काबू किया है, जबकि बार का मालिक भागने में सफल रहा।
सेक्टर-17 थाने के एसआई जयपाल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अनाज मंडी दुकान नंबर 17 में अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा है। टीम ने जब मौके पर छापा मारा, तो वहां तीन-चार युवक मेजों पर हुक्का पीते हुए मिले। पूछताछ में मौके पर मिले संचालक रौनक ने बताया कि बार का असली मालिक ओल्ड फरीदाबाद के बाढ़ मोहल्ला निवासी गुरुदत्त है, जो पुलिस के आने से पहले ही वहां से खिसक गया था। पुलिस ने मौके से हुक्के और अलग-अलग फ्लेवर के तंबाकू जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और अदार तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि सेक्टर-16 में पुलिस पहले भी हुक्का बार पर कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन आरोपी बार-बार इस अवैध धंधे को शुरू कर देते हैं। पुलिस अब मालिक की तलाश में जुटी है।