-फ्रैक्चर गैंग का सरगना समेत 13 इनामी बदमाश दबोचे, 32 मामले सुलझाने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस ने एक जनवरी से 31 मार्च के बीच अभियान चलाकर 14 मोस्ट वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें 25 हजार का एक और पांच-पांच हजार रुपये के 13 इनामी आरोपी शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने 143 भगोड़े और 133 बेल जंपर को भी पकड़ा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस दौरान अपराध शाखा की टीमों ने 12 सक्रिय गैंग का पर्दाफाश किया। इन गिरोहों के 26 सदस्यों की गिरफ्तारी से चोरी, लूट और धोखाधड़ी के 32 मामले सुलझाए गए हैं। बदमाशों के कब्जे से कुल 1,14,74,700 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसमें सबसे बड़ी कार्रवाई घर में चोरी करने वाली चार गैंग के खिलाफ रही, जिनसे अकेले एक करोड़ रुपये से ज्यादा का माल बरामद हुआ। इसके अलावा वाहन चोरी करने वाली छह गैंग से 11 लाख रुपये से अधिक की रिकवरी की गई।
मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल फ्रैक्चर गैंग के सरगना कुलभूषण उर्फ कल्लू को भी काबू किया गया है। नचौली निवासी कल्लू पर अपहरण और मारपीट के कई मामले दर्ज थे। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते उसने अदालत में सरेंडर किया, जिसे बाद में अपराध शाखा सेंट्रल ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस प्रवक्ता ने साफ किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें।