फरीदाबाद। किसानों के बृहस्पतिवार को संभावित दिल्ली कूच को लेकर फरीदाबाद पुलिस सतर्क है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से उचित प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए चिन्हित स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि कुछ उपद्रवी मौके का फायदा उठाकर माहौल खराब करने की कोशिश करेंगे। पुलिसकर्मी इस तरह के व्यक्तियों से निपटने के लिए तैयार है। फरीदाबाद पुलिस की तरफ से दिल्ली बॉर्डर एरिया के क्षेत्रों में चयनित स्थानों पर नाके लगाकर संदिग्धों पर निगरानी रखी जाएगी और वाहनों को चेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि दिल्ली जाने वाले मार्गों पर पुलिस पेट्रोलिंग की जाए व नकारात्मक छवि वाले लोगों पर विशेष ध्यान रखा जाए। फरीदाबाद पुलिस किसी भी प्रकार की परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। इसलिए कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश न करें। यदि कोई व्यक्ति स्थिति को बिगाड़ने का काम करेगा, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।