- विक्ट्री रेडर्स को 142 रन से किया पराजित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी स्थित दशहरा क्रिकेट मैदान पर मंगलवार को पोखर-11 ने विक्ट्री रेडर्स को 142 रन के बड़े अंतर से हराया। 20 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पोखर-11 की टीम ने पांच विकेट पर 238 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ओपनर राहुल ने 93 रन बनाए। सागर ने 29 और वैभव ने 24 रन का योगदान दिया। विक्ट्री रेडर्स के लिए सुखवीर और विकास ने दो-दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्ट्री रेडर्स की टीम 10.3 ओवर में सिर्फ 96 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से ओपनर सत्यम ने 27 और प्रिंस ने 22 रन बनाए। पोखर-11 के लिए राहुल ने पांच विकेट चटकाए। वैभव यादव को तीन और गौरव शर्मा को दो विकेट मिले। राहुल को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।