फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: पीएम सूर्य घर योजना...ढाई साल में सिर्फ 13% घरों में लगे सौर ऊर्जा सिस्टम

विज्ञापन
विज्ञापन
मार्च 2027 तक जिले में 19,436 लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया, अब तक केवल 2,545 उपभोक्ताओं ने लिया उठाया लाभ
विज्ञापन



भारती दुबे

फरीदाबाद। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लागू हुए ढाई साल का समय बीत चुका है, लेकिन फरीदाबाद में इस योजना की रफ्तार धीमी बनी हुई है। मार्च 2027 तक जिले में 19,436 लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक केवल 2,545 उपभोक्ताओं के घरों पर ही सौर ऊर्जा सिस्टम लग पाए हैं यानी निर्धारित लक्ष्य का महज करीब 13 प्रतिशत ही हासिल हो सका है।


बिजली निगम के अलग-अलग सब डिवीजन में योजना के तहत उपभोक्ताओं ने आवेदन तो किए हैं, लेकिन आवेदन और सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में अंतर बना हुआ है। निगम के अनुसार, एनआईटी फरीदाबाद डिवीजन में अब तक 616 आवेदन मिले हैं। इनमें से 294 उपभोक्ताओं ने सौर ऊर्जा सिस्टम लगवा लिया है। इस डिवीजन का मार्च 2027 तक 3,413 उपभोक्ताओं को लाभ देने का लक्ष्य है।
विज्ञापन




इसी तरह ओल्ड फरीदाबाद डिवीजन में योजना के तहत 1,759 आवेदन आए हैं। इनमें से 930 उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा सिस्टम लगाए जा चुके हैं। यहां मार्च 2027 तक 5,906 उपभोक्ताओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बल्लभगढ़ सब डिवीजन में 1,553 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 847 उपभोक्ताओं ने सौर ऊर्जा सिस्टम लगवा लिया है। इस सब डिवीजन का मार्च 2027 तक 6,364 उपभोक्ताओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य है। ग्रेटर फरीदाबाद डिवीजन में 1,082 आवेदन मिले हैं और इनमें से 474 उपभोक्ताओं के घरों पर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। यहां लक्ष्य 3,753 उपभोक्ताओं का है।



व्हाट्सएप से उपभोक्ताओं को कर रहे जागरूक



बिजली वितरण निगम की ओर से योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर भी जागरूक किया जा रहा है। योजना के तहत तीन किलोवाट तक के सौर ऊर्जा सिस्टम लगवाने पर केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। निगम अधिकारियों के अनुसार, तीन किलोवाट का सिस्टम लगने के बाद सामान्य घरेलू खपत में एक एसी के बराबर बिजली खर्च की भरपाई सौर ऊर्जा से हो सकती है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की शुरुआत 13 फरवरी 2024 को हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, तीन किलोवाट तक का सौर ऊर्जा सिस्टम लगवाने पर करीब एक लाख 65 हजार रुपये की लागत आती है। इसमें अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद उपभोक्ता पर करीब 87 हजार रुपये का खर्च रह जाता है।



एक किलोवाट से 120 यूनिट बिजली का उत्पादन



बिजली निगम के अनुसार, एक किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा सिस्टम प्रतिदिन करीब चार यूनिट बिजली पैदा कर सकता है। इस हिसाब से महीने में करीब 120 यूनिट बिजली का उत्पादन होता है। तीन किलोवाट का सिस्टम करीब 360 यूनिट बिजली प्रतिमाह पैदा कर सकता है। यदि किसी घर में महीने में करीब 600 यूनिट बिजली की खपत होती है तो जरूरत के अनुसार करीब पांच किलोवाट क्षमता का सिस्टम लगवाना पड़ सकता है। निगम के अनुसार, पांच किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा सिस्टम लगाने के लिए करीब 400 से 500 वर्गफुट छत की जगह की आवश्यकता होती है।
विज्ञापन






इस बारे में निगम गंभीर है। बुधवार को सौर ऊर्जा सिस्टम लगवाने के लिए वेंडर के साथ अधीक्षण अभियंता ने बैठक भी की थी। आने वाले दिनों में उपायुक्त आयुष सिन्हा नगर निगम पार्षद और सरपंचों के साथ बैठक करेंगे। उम्मीद है कि लोग सोलर सिस्टम लगवाने के लिए आगे आएंगे।
- संजय कुमार मंगला, कार्यकारी अभियंता, बल्लभगढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें