अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गुरुग्राम रोड स्थित ट्रांसलेशन स्वास्थ्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (टीएचएसटीआई) में होने वाले भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। साइंस एंड टेक्नोलोजी विभाग मंत्रालय की संयुक्त सचिव ए धनलक्ष्मी ने डीसी और अन्य अधिकारियों के साथ मंगलवार को संस्थान में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से विज्ञान महोत्सव-2024 की तैयारियों में पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम 17 से 20 जनवरी तक टीएचएसटीआई-आरसीबी कैंपस में आयोजित किया जाएगा।
संयुक्त सचिव ए धनलक्ष्मी ने बैठक में कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2024 के आयोजन के लिए सुनिश्चित करने के लिए विभागों का आपसी तालमेल जरूरी है। डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से केंद्र सरकार के साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के साथ तालमेल करके महोत्सव को सफल बनाया जाएगा। पेयजल सप्लाई, बिजली सप्लाई सहित सभी मूलभूत सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव में जिला प्रशासन द्वारा मुहैया करवाई जाएगी।
डीसीपी अमित यशवर्धन ने कहा कि साइंस एंड टेक्नोलॉजी के भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2024 में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई भी कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में एसडीएम बड़खल अमित मान, नगराधीश हरीराम एसीपी एनआईटी महेश श्योरान, एसीपी ट्रैफिक विनोद कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।