फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहतक में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन-आशीर्वाद यात्रा के अंतिम पड़ाव पर फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के फेस एक व दो के लिए रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इस प्रोजेक्ट को दो साल में पूरा किया जाएगा। इसके निर्माण व रखरखाव पर करीब 325 करोड़ खर्च आएंगे। निर्माण के साथ ही रखरखाव का खर्च भी इसी मद से वहन किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी योजना के अधिकारी एनके कटारा ने बताया कि यह प्रोजेक्ट फरीदाबाद शहर को देश के अन्य शहरों के मुकाबले तकनीक के मामले में सबसे आगे रखेगा। फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को तेजी से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के सेक्टर-19, 20, 20ए, 21बी व 21डी में तकरीबन 26.1 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क को सुधार लिया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट सिटी के तर्ज पर नई डिजाइन, सड़कों के साथ भौतिक एवं बुनियादी ढांचों में फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, सीवरेज, जल निकासी, भूमिगत केबल, पानी की पाइप लाइन समेत अन्य कार्यों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इन सड़कों को लैंड स्केपिंग के साथ बेहतर ट्रैफिक नियंत्रण व उत्तम गुणवत्ता वाले सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के तहत जिन सड़कों पर उचित प्रकाश के लिए लाइटें लगाई जाएंगी उनके ऑटो डिमिंग की सुविधा होगी।