अचानक प्लास्टर गिरने से हो सकती है बड़ी दुर्घटना, निवासियों की बढ़ी चिंता
भारती दुबे
फरीदाबाद। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से मैनेजर की मौत के बाद ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों के निवासी भी चिंतित हैं। उनका कहना है कि यहां भी कई इमारतों में प्लास्टर झड़ने, दीवारों में दरारें आने और समय पर मरम्मत न होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शहर में कई सोसाइटियां है, जिनमें मरम्मत कार्य नहीं किया गया है। ऐसे में लोगों को सुरक्षा को लेकर भी डर बना रहता है। सेक्टर-77 स्थित पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी, सेक्टर-76 स्थित एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी और सेक्टर-89 की पुरी लैवेंडर सोसाइटी में लंबे समय से मरम्मत कार्य नहीं होने से प्लास्टर गिर रहा है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों में भय का माहौल
सेक्टर-77 स्थित पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी में वर्षों से व्यापक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। कई फ्लैटों की दीवारों में दरारें दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ स्थानों पर प्लास्टर भी झड़ रहा है। इससे लोगों में भय का माहौल है। कई बार बिल्डर से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही
इसी तरह सेक्टर-76 स्थित एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी में भी प्लास्टर गिरने की शिकायतें सामने आ रही हैं। निवासियों का कहना है कि कई बार प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। वहीं, दूसरी ओर सेक्टर-89 की पुरी लैवेंडर सोसाइटी में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि इमारतों के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है।
निर्माण सामग्री गिरने से हो सकती है दुर्घटना
निवासियों ने बताया कि सोसाइटियों में बच्चे दिनभर खेलते हैं और बड़ी संख्या में लोग रोजाना काम के लिए घरों से निकलते हैं। ऐसे में यदि किसी हिस्से का प्लास्टर या निर्माण सामग्री अचानक गिर जाए तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा कई फ्लैटों की बालकनी में रखे भारी गमले भी नीचे आने-जाने वाले लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
लोगों ने मांग की है कि सोसाइटी प्रबंधन, बिल्डर और संबंधित विभाग तत्काल भवनों का तकनीकी निरीक्षण कराएं और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू करें। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए, ताकि निवासियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
निवासियों से बातचीत
सोसाइटी में करीब आठ वर्षों से मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। फ्लैटों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। इसके चलते हमें परिवार को लेकर डर बना रहता है। - नवनीत, निवासी, पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी
सोसाइटी में केवल एक फ्लैट नहीं है जिसका प्लास्टर गिर रहा है, बल्कि कई फ्लैटों के प्लास्टर झड़ रहा है। इससे हमें छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर डर बना रहता है। - दया शंकर, पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी
-
जब से मैं या हूं, तब से एक बार भी मरम्मत नहीं हुई है। फ्लैटों से प्लास्टर गिर रहा है। मैं हफ्ते के पांच दिन शहर से बाहर रहता हूं। मुझे परिवार की हमेशा फिक्र रहती है। - अभिषेक, आरडब्ल्यूए प्रधान, एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी
-
हमने बिल्डर को मरम्मत कार्य कराने के लिए कई बार कहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। हमारी मांग है कि इस समस्या का समाधान किया जाए, जिससे हमें राहत मिल सके। - आशीष गौड़, पुरी लैवेंडर सोसाइटी