लोगों का आरोप-निर्माण कार्य में बरती जा रही है लापरवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-9,10 की डिवाइडिंग रोड पर बारिश के पानी की निकासी के लिए पिछले पांच महीने से पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही की जा रही है।
निवासी कैलाश शर्मा का कहना है कि पानी निकासी के लिए बनाए गए जंक्शन हॉल पर ढक्कन तो लगा दिए गए, लेकिन उनमें जमा मिट्टी और कूड़ा साफ नहीं किया गया। सड़क पर जमा पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही बरसात के मौसम में हालात और भी ज्यादा बुरे हो सकते हैं।
निवासी अंशुल के अनुसार यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो नई पाइप लाइन भी जाम हो सकती है और जलभराव की समस्या जस की तस बनी रहेगी। निवासी कैलाश शर्मा ने बताया कि लगाए गए कई ढक्कन घटिया गुणवत्ता के हैं, जिनमें से कुछ पहले ही टूट चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार पार्षद मुकेश अग्रवाल को जानकारी देकर निरीक्षण कराने और उचित समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने विधायक एवं कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।