संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा में लगे कूड़े के ढेरों का मुद्दा कांग्रेस नेताओं ने उठाया है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने शासन पर आरोप लगाया कि सरकार ने स्मार्ट सिटी को कूड़ा सिटी में तब्दील कर दिया है। पॉश सेक्टर, काॅलोनियों, राष्ट्रीय राजमार्गाें, खाली प्लाॅटों हर जगह गंदगी का बोलबाला है, सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जब से यह जिला स्मार्ट सिटी बना है, तब से यहां गंदगी की भरमार हो गई है, नगर निगम लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये हर माह वसूलती है, जबकि कूड़ा उठाने के नाम पर यहां कुछ नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि दुख का विषय है कि इस शहर में शुद्ध वायु भी लोगों को नसीब नहीं हो रही, यहां वायु प्रदूषण का स्तर निरंतर खतरनाक हो रहा है और यह सब प्रशासन व सरकार की नाकामियों को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अगर जल्द ही शहर में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वह एक बार फिर धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त करेंगे।