बालक सिंगल्स में अर्जुन ने दिखाया शानदार खेल
फरीदाबाद। जिले की मानव रचना स्पोर्ट्स अकादमी में 14 और 15 मार्च को खेले गए दो दिवसीय पिकल बॉल टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों ने दम दिखाया। इनमें बालक, महिला और पुरुष तीन वर्गों में मुकाबले खेले गए।
बालक सिंगल्स में अर्जुन ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, अहान उपविजेता बनने में कामयाब हुए। वहीं, बालक डबल्स में समराज और भाविन ने मिलकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया जबकि अहान और अधिराज की जोड़ी उपविजेता रही। महिला वर्ग में सिर्फ सिंगल्स के मुकाबले खेले गए। इनमें समिका ने शानदार खेल से पहले स्थान पर कब्जा जमाया। अंत में पुरुष वर्ग के सिंगल्स और डबल्स मुकाबले खेले गए। इनमें सिंगल्स में फैजूर ने पहला स्थान हासिल किया जबकि वंश दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, डबल्स में शुभायन दास और हिमांशु की जोड़ी ने ट्रॉफी और पहले स्थान पर कब्जा जमाया। वहीं, फैजूर और वंश यहां दूसरे स्थान पर रहकर उपविजेता बने। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट बेहद शानदार रहा, सभी आयुवर्ग के खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मुकाबले में नजर आए। संवाद