घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। डीग गांव में जमीन और रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
वीडियो में लोग एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं वीडियो में कुछ लोग बनी हुई दीवार को तोड़ते हुए भी नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव डीग में लालडोरा क्षेत्र में नवीन अपनी जमीन पर मकान निर्माण का काम करा रहे थे। बताया गया कि नवीन ने अपनी जमीन पर करीब 7 फुट ऊंची दीवार खड़ी कर दी थी और आने-जाने के लिए केवल 3 फुट का रास्ता छोड़ा गया था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले रवि और उसके परिवार ने विरोध जताया। रवि का आरोप है कि जिस जगह पर दीवार बनाई जा रही थी वह पंचायती जमीन है और वहां से गांव के लोगों का वर्षों पुराना आने-जाने का रास्ता है। रवि ने कहा कि कुल रास्ता करीब 10 फुट चौड़ा है लेकिन उसमें से 7 फुट हिस्से पर कब्जा कर रास्ता बंद करने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार खंड पंचायत अधिकारी और पुलिस प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। रवि के अनुसार रविवार को जब उन्हें दोबारा दीवार बनाए जाने की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और वहां काम कर रहे मजदूरों से निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा। इसी दौरान नवीन पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
नवीन का कहना है कि जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा है वह उनकी निजी जमीन है और उसके सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। नवीन ने आरोप लगाया कि रवि पक्ष के 8 से 10 लोग जबरदस्ती उनके घर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने लगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों के साथ धक्का-मुक्की की गई और फिर जबरन दीवार तोड़ दी गई। विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। नवीन ने कहा कि यह रास्ता सार्वजनिक नहीं बल्कि उनकी निजी जमीन का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और मकान निर्माण शुरू होने के बाद से लगातार विवाद कर रहा है।
वहीं सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों की शिकायत ले ली गई है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन और रास्ते के विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।