राज्य के कई खिलाड़ियों ने दिखाया दम, स्वरा ने अंडर-14 आयुवर्ग में उपलब्धि हासिल की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में मंगलवार को दूसरे दौर के राज्यस्तरीय एथलेटिक्स मुकाबले खेले गए। जहां पर पहले दिन के समान ही 100, 200, 400, 600 और 800 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट 100 मीटर बाधा दौड़ के मुकाबले खेले गए। हालांकि, जिले के खिलाड़ियों के लिहाज से मंगलवार का दिन ज्यादा अच्छा नहीं रहा।
फरीदाबाद से दौड़ में सिर्फ स्वरा ही राष्ट्रीय स्तर खेलों में अपनी जगह बना पाईं। स्वरा ने अंडर-14 आयुवर्ग के 400 मीटर दौड़ में चौथा स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। उनके अलावा किसी भी खेल में कोई खिलाड़ी आशा अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाया।
इसके अलावा अन्य जिलों में फतेहाबाद ने मंगलवार को अच्छा प्रदर्शन किया। फतेहाबाद जिले के 11 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई। वहीं, पानीपत और हिसार जिले के कई खिलाड़ी शामिल रहे। मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता निर्देशक यश चोपड़ा ने बताया कि दूसरे दिन फरीदाबाद के खिलाड़ियों का प्रदर्शन आशा अनुरूप नहीं रहा। हालांकि, स्वरा के प्रदर्शन ने सभी का दिल जीता। उन्होंने कहा बुधवार को उम्मीद करते हैं कि फरीदाबाद के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब होंगे।