पहले से ही महंगाई से परेशान लोगों पर पड़ रहा है अतिरिक्त बोझ
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में गैस की कालाबाजारी और समय पर आपूर्ति न होने से आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसका सबसे अधिक असर गृहिणियों पर पड़ रहा है, जिनके लिए रसोई का बजट भी बिगड़ता जा रहा है।
महिलाओं का कहना है कि छोटे गैस सिलिंडर में गैस भरवाना भी अब एक बड़ी चुनौती बन गया है। छोटे सिलिंडर में करीब 400 रुपये प्रति किलो गैस मिल रही है, जिससे घरेलू खर्च बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पहले से ही महंगाई से परेशान लोगों पर यह अतिरिक्त बोझ बन गया है।
शहर के कई इलाकों में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के करीब 25 दिन बाद सिलिंडर मिलने की जानकारी दी जा रही है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
गृहिणियों का कहना है कि पहले ही राशन, सब्जियों और अन्य जरूरी सामान की कीमतों में बढ़ोतरी ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
महिलाओं से बातचीत
बाजार में गैस सिलिंडर ब्लैक में करीब चार हजार रुपये तक में मिल रहा है। मजदूर और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए इतनी महंगी कीमत पर सिलिंडर खरीदना मुश्किल हो गया है। - ज्योति, गृहणी, राम नगर
मध्यम व मजदूर वर्ग के परिवारों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को कुछ राहत मिल सके। - पूजा, गृहणी, राम बाग
हमारी सरकार से मांग की है कि घरेलू गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों पर ध्यान दिया जाए, जिससे हमें राहत मिल सके। - सीमा, गृहणी, बल्लभगढ़