इंस्टा पर विज्ञापन देखकर पीड़ित ने किया था संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को निशाना बनाकर 1.12 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों की जांच के बाद शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में सेक्टर-89 स्थित फेरस सिटी निवासी सीमा ने इंस्टाग्राम पर एक कथित तांत्रिक का विज्ञापन देखकर उससे संपर्क किया था। सीमा ने पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत की। आरोपी ने पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रिया से समस्याओं के समाधान करने का झांसा दिया। इसके बाद जालसाज ने क्यूआर कोड भेजकर 18,500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।
दूसरे मामले में सेक्टर-7 निवासी अंकित आहूजा को जालसाज ने बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बनकर फोन किया गया। आरोपी ने कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर कार्ड संबंधी जानकारी हासिल की और तकनीकी प्रक्रिया के नाम पर मोबाइल से कुछ कोड डायल करवाए। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 93,737 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने तत्काल कार्ड ब्लॉक कर साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।