फरीदाबाद। जिले में बिजली की मांग के मुकाबले उपलब्धता कम होने से आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। बिजली की किल्लत के कारण शहर में 30 मिनट तक के कट लग रहे हैं। वहीं ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में 40 मिनट तक बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के सूत्रों के अनुसार, 24 घंटे के दौरान अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उपभोक्ताओं के अनुसार, रात के समय इन कटों की समस्या अधिक सामने आ रही है।
बिजली कटौती के साथ ही कम वोल्टेज और ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतें भी लगातार निगम के पास पहुंच रही हैं। पिछले एक सप्ताह में बिजली से जुड़ी 4,705 शिकायतें दर्ज की गई हैं।औसतन हर दिन 650 से अधिक शिकायतें निगम को मिल रही हैं। यह आंकड़ा उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानी को दर्शाता है। बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार, व्यवस्था को सामान्य रखने और आपूर्ति में सुधार के लिए प्रयास चल रहे हैं। इसके अलावा लाइनों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत भी करवाई जा रही है।