गाजीपुर और पाली इलाके में घंटों कटौती से बढ़ीं मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में भीषण गर्मी के बीच गाजीपुर, डबुआ और पाली क्षेत्र के लोग लगातार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। कई-कई घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। दिन और रात दोनों समय हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
पाली निवासी समीर और अंकुश का कहना है कि गर्मी के कारण पहले ही हालात खराब हैं, वहीं लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से पंखे, कूलर और एसी बंद हो जाते हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
गाजीपुर निवासी रम्या, पूजा और नेहा का कहना है कि बिजली संकट के साथ-साथ कई इलाकों में पानी की किल्लत भी बढ़ने लगी है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की मोटरें नहीं चल पा रहीं, जिससे घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा। इससे लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करने में भी कठिनाई हो रही है। निवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली कटौती और पानी की कमी ने उनकी परेशानियां कई गुना बढ़ा दी हैं। लोगों ने बिजली निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि गाजीपुर और पाली क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और पेयजल व्यवस्था को भी सुचारु बनाया जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।