जल्दी पहुंचने के बाद भी कुछ लोगों को नहीं मिल पाता है टोकन, 9 बजे से त्रुटियां ठीक करते हैं कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित आधार कार्ड सेंटर में गलतियां ठीक कराने के लिए लोगों को सुबह 5 बजे ही पहुंचना पड़ रहा है। सुबह 5 बजे पहुंचने के बाद भी कुछ लोगों को टोकन नहीं मिल पाता, जिसके कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। टोकन देने वाले कर्मचारी सुबह 8:30 या 9:00 बजे पहुंचते हैं।
सेंटर पर मौजूद लोग गर्मी में बैठने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि यहां सुबह- सुबह पहुंचना पड़ता है। उसके बावजूद टोकन नहीं मिलता। यहां कार्यरत ऑपरेटर कहते हैं कि जल्दी आओगे तो टोकन मिलेगा, नहीं तो नहीं मिलेगा। लोगों ने कहा कि इतनी भीड़ के बाद भी सही व्यवस्था नहीं है। जिन लोगों को टोकन मिल जाता है उनका कार्य हो जाता है। बाकी लोगों को वापस घर लौटना पड़ता है।
यही नहीं, टोकन मिलने के बाद भी गारंटी नहीं होती कि काम हो ही जाएगा। त्रुटियां सही करने का समय केवल सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक है। 1 बजे के बाद कर्मचारी कार्य करने से मना कर देते हैं। लोगों का कहना है कि केवल एक छोटे से काम के लिए भी चार से पांच घंटे लाइन में लगना पड़ता है।
लोगों से बातचीत
मैं अपनी छह महीने की बेटी का आधार कार्ड ठीक कराने के लिए आया हूं। उसमें कुछ दिक्कत है। टोकन लेने के लिए मैं सुबह 5:30 बजे ही सेंटर आ गया था, जबकि टोकन देने वाले कर्मचारी सुबह 8:30 या 9:00 बजे आते हैं। -
दयानंद, सेक्टर- 8 , सीही गांव
मुझे अपनी मां के आधार कार्ड में नाम सही करवाना था। मैं नाइट ड्यूटी खत्म कर सुबह 6 बजे सेंटर पर आ गया। यहां आकर देखा तो पहले से ही काफी संख्या में लोग लाइन में खड़े हैं। कोई अपने साथ छोटे बच्चे लेकर आया था, तो कोई बुजुर्गों के साथ आया था। -
दीपांशु, जवाहर कॉलोनी