कार्यालय पर जेई और एसडीओ नदारद मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-3 में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बृहस्पतिवार को कार्यालय पर प्रदर्शन किया। हालांकि वहां से जेई और एसडीओ नदारद मिले। मौके पर मिले कार्यकारी अभियंता ने जेई को मौके पर भेजा, उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया।
आरडब्ल्यूए प्रधान रतन लाल राणा ने बताया कि पिछले दो साल से जर्जर ट्रांसफार्मर से लोगों को सप्लाई दी जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। रात में बार-बार फ्यूज उड़ जाते हैं। इसकी वजह से लोगों को पूरी रात जागना पड़ता है। बुधवार की शाम पांच बजे लाइट गई थी जो बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे आई। बिजली कटौती की वजह से इनवर्टर भी बंद हो गए। इसी के चलते बृहस्पतिवार की सुबह सेक्टरवासियों ने कार्यालय पर जाकर प्रदर्शन किया। जेई और एसडीओ नदारद मिले, जिसके बाद कार्यकारी अभियंता से बात की गई। उन्होंने जेई विजय को मुआयना करने के लिए भेजा। जेई विजय ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार को नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा। इसके बाद कटौती की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।