फरीदाबाद। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस ने खोरी गांव में तोड़फोड़ के लिए झुग्गियों में रह रहे लोगों को हटाने के लिए बृहस्पतिवार को मुनादी कराई थी। इससे नाराज लोगों ने शुक्रवार सुबह सूरजकुंड रोड पर जाम लगा दिया और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाने के बाद लोग हटे। पुलिस ने जाम लगाने के मामले में आठ लोगों को नामजद करते हुए करीब 150 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सूरजकुंड थाना पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि गांव खोरी में अरावली पहाड़ी इलाके में रह रहे कुछ लोग सड़क पर बैठे हुए हैं। मौके पर जाकर पुलिस ने देखा कि करीब 150 महिलाएं-पुरुष शूटिंग रेंज की तरफ जाने वाली सड़क पर इकट्ठा हैं। जिसके कारण सड़क जाम हो रहा है। पुलिस ने लोगों को समझाकर घर जाने के लिए कहा, लेकिन लोगों ने उनकी एक न सुनीं और नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इसके बाद सड़क पर जाम लगा दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस कर्मियों ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलवा लिया। जिसके बाद लोगों ने जाम खोला। थाना सूरजकुंड पुलिस ने भीड़ को उकसाने, सरकारी आदेशों की अवहेलना करने व महामारी को बढ़ाने के आरोप में सरस कॉलोनी गांव खोरी निवासी सुरजीत, अजय, संजय पाल, मोहम्मद वकील, शिव कुमार, इस्माइल, कृष्ण कुमार, विक्रम रावत को नाजम करते हुए 150 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
प्रॉपर्टी डीलरों की तलाश में जुटी पुलिस
खोरी गांव के तोड़फोड़ मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस अब उन लोगों की कुंडली खंगाल रही है जिन्होंने यहां प्लॉट बेचे थे। लोगों ने यहां अलग-अलग रेट से झुग्गियां व खाली प्लॉट खरीदे थे। शुरुआत में एक झुग्गी दस से बीस हजार की थी। यह दाम बढ़ते-बढ़ते दो लाख तक पहुंच गए। इसके अलावा प्लॉट भी बिक्री किए गए थे। जिनकी कोई रजिस्ट्री नहीं है। लोगों के पास कुछ एग्रीमेंट हैं। जिन्हें वह अपने दस्तावेज बता रहे हैं। यहां के लोगों के पास बिजली, पानी के कनेक्शन, वोटर कार्ड, आधार कार्ड आदि सभी कुछ है। ज्यादातर झुग्गियां किराए पर भी दी हुई हैं।
एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात
गांव में तोड़फोड़ के लिए 15 तारीख का नोटिस देकर पुलिस ने मुनादी करा दी है। यहां किसी तरह की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी इलाके में घूम रहे हैं। वहीं गुप्तचर विभाग भी सक्रिय हो गया है। मंगलवार को सूरजकुंड थाने में कुछ लोगों को बुलाकर उन्हें सरकारी कार्य में सहयोग की अपील की गई थी। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि सड़क जाम करने के आरोप में करीब 150 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें कुछ को नामजद किया गया है, जबकि बाकी लोगों की पहचान की जा रही है। डीसीपी अर्पित जैन का कहना है कि प्रशासन की मांग के मुताबिक पुलिस बल तैनात है। सरकारी कार्य में किसी तरह की बाधा बर्दाश्त नही की जाएगी।