संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-7, 8, 9 और 10 के निवासी इन दिनों बिजली कटौती की समस्या से परेशान हैं। कई-कई घंटे बिजली बाधित रहने के कारण लोगों का भीषण गर्मी में घरों के अंदर रहना मुश्किल हो रहा है। बिजली नहीं होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। बरसात के बाद बिजली कटौती की समस्या और गंभीर हो जाती है।
सेक्टर-10 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बिजली संकट सबसे अधिक परेशान करने वाला बना हुआ है। कॉलोनी के करीब 200 मकानों में रहने वाले लोग लगातार बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। निवासियों के अनुसार सेक्टर के एक फेज में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। रात के समय घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। गर्मी और उमस के बीच लोगों को जागकर रात गुजारनी पड़ रही है।
बरसात के बाद बढ़ जाती है परेशानी
लोगों का कहना है कि बारिश होने के बाद कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इसके चलते घरों में लगे बिजली उपकरण भी बंद हो जाते हैं। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से इनवर्टर भी जवाब दे जाते हैं। लोगों ने बिजली निगम से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था की जांच कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि गर्मी में उन्हें परेशानी न उठानी पड़े।
-
निवासियों से बातचीत
रात में अचानक बिजली चली जाती है और कई घंटे तक वापस नहीं आती। शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। जेके यादव, सेक्टर- 7
बिजली कटौती के कारण घर के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। बिजली नहीं होने से पानी की मोटर भी नहीं चल पाती, जिससे पानी की समस्या बढ़ जाती है। सावित्री, सेक्टर- 10
बरसात के बाद बिजली आपूर्ति को लेकर परेशानी बढ़ जाती है। कई बार लंबे समय तक बिजली नहीं आती, जिससे परिवार को परेशानी होती है। - शिव कुमार, सेक्टर- 10
बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार जल्द समाधान का आश्वासन मिलता है। समस्या जस की तस बनी हुई है। - राजीव सक्सेना, सेक्टर- 7