बल्लभगढ़ बस अड्डा में बुधवार को सुबह गुरुग्राम के लिए बस नहीं मिलने से यात्री हुए परेशान । संवा
समय से कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। बस डिपो से गुरुग्राम जाने वाले नौकरीपेशा लोगों को सुबह के समय पर्याप्त बस सेवा नहीं मिलने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि सुबह के व्यस्त समय में बसों की संख्या बेहद कम होने से उन्हें समय पर कार्यालय पहुंचने में कठिनाई होती है। मजबूरी में कई यात्रियों को महंगे किराये पर निजी वाहनों या ऑटो का सहारा लेना पड़ता है।
बल्लभगढ़ डिपो से गुरुग्राम रूट पर हर 9 मिनट के अंतराल पर बस का संचालन किया जाता है। उसमें रोडवेज बसों के अलावा 13 निजी बसें भी शामिल हैं। रोडवेज बसों का संचालन समय सारणी के अनुसार नहीं होने की वजह से यात्रियों को सुबह के समय काफी परेशानी होती है। यात्री पूजा, मनोज, लोकेश, निशा ने बताया कि परिवहन विभाग में स्टाफ की कमी और दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर लगने वाले जाम के कारण बसों का संचालन नियमित नहीं हो पा रहा है। कई बार बसें निर्धारित समय से काफी देर बाद पहुंचती हैं, जिससे यात्रियों का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो जाता है। बुधवार सुबह भी यात्रियों को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा।
ड्यूटी इंचार्ज जयपाल राठी ने बताया कि डिपो से बसों का संचालन समय से किया जाता है लेकिन रास्ते में जाम की वजह से कई बार बसें देरी से पहुंचती हैं। जिस वजह से सबुह व शाम के समय परेशानी होती है।