एनआईटी एन मार्केट में दुकानों के बाहर खड़े वाहन। स्त्रोत संवाद
सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं दुकानदार व ग्राहक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-1 मार्केट में दुकानों के बाहर वाहन पार्क करने की वजह से स्थिति बदतर होती जा रही है। दुकानदार और ग्राहक अपने वाहनों को पार्किंग स्थल के बजाय सड़क पर खड़ा कर रहे हैं, जिससे मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। इस लापरवाही के कारण बाजार में दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है।
इस मार्ग से वाहन चालकों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। आलम यह है कि जो दूरी चंद मिनटों में तय होनी चाहिए, वहां से निकलने में अब आधा-आधा घंटा लग रहा है। ग्राहकों और राहगीरों का कहना है कि दुकानों के ठीक सामने गाड़ियां खड़ी होने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में आ जाता है। कई बार दुकानदार अपना सामान भी फुटपाथ और सड़कों तक फैला देते हैं, जिससे आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है।
बाजार आने वाले ग्राहकों का कहना है कि उचित पार्किंग व्यवस्था न होने और नियमों की अनदेखी के कारण यह समस्या रोज की बात हो गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्केट के बाहर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।