-घरों के बाहर बह रहा गंदा पानी, दुर्गंध और बीमारियों का बढ़ा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-10 हाउसिंग बोर्ड में सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से स्थानीय निवासी लंबे समय से परेशान हैं। मकान नंबर 573 से लेकर 622 तक के इलाके में हर 10 से 15 दिन में सीवर भर जाता है, जिससे गंदा पानी गलियों और घरों के बाहर फैल जाता है। इसके साथ ही लगातार फैल रही दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। वहीं बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
आरडब्ल्यूए प्रधान शिव कुमार ने बताया कि नगर निगम में इसको लेकर कई बार शिकायत की गई है लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। शिकायत दर्ज कराने के 10 से 15 दिन बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं और मशीन से सफाई कराने की बात कहकर लौट जाते हैं। इसके बाद भी कई दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं होती है। जब कभी सफाई होती भी है तो कुछ ही दिनों में सीवर फिर से जाम हो जाता है।
निवासी योगेश, जावेद, कुणाल और योगेश अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि सीवर का गंदा पानी लगातार गलियों में बहता रहता है। लोगों ने बताया कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक राहत नहीं मिली है। निवासियों ने बताया कि क्षेत्र के लोग लगातार परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह इलाका कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की विधानसभा में आता है। इसके बावजूद लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सीवर लाइन की मशीनों से सफाई कराकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।