संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में शुक्रवार देर रात बिजली आपूर्ति की समस्या से लोग परेशान रहे। पूरी रात बिजली न आने के कारण लोग सो नहीं पाए। गुस्साए लोगों ने रात में जेई को फोन किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
डबुआ निवासी जब्बू ने बताया कि पूरी रात बिजली नहीं आई। इसको लेकर जेई को जब फोन किया तो उन्होंने कहा कि पहले शिकायत दर्ज करवाएं, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दो नंबर बिजली दफ्तर में शिकायत दर्ज होगी, उसके बाद कार्रवाई होगी लेकिन हमारा भरोसा उठ गया है कि शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं की जाएगी। अब शिकायत करने का कोई फायदा नहीं है।
शनिवार सुबह सभी लोग बिजली दफ्तर पहुंचे लेकिन वहां कोई नहीं मिला। सुबह ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने रात में मौजूद कर्मचारी का नाम नहीं बताया। लोग काफी समय तक बिजली दफ्तर में प्रदर्शन करते रहे। लोगों का कहना है कि बिजली न मिलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसका जल्द कोई स्थायी समाधान निकाला जाए, जिससे लोग रात में आराम से सो सकें।