फरीदाबाद के तीन इलाकों का एक्यूआई 200 से ऊपर रहा वहीं बल्लभगढ़ का 120 के करीब दर्ज किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने मंगलवार से ग्रैप का तीसरा चरण लागू कर दिया है। हालांकि फरीदाबाद में प्रदूषण के स्तर को लेकर लोगों में असमंसज की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार फरीदाबाद के तीन इलाकों का प्रदूषण 200 एक्यूआई से ऊपर दर्ज किया गया है। वहीं बल्लभगढ़ का एक्यूआई 120 के करीब दर्ज किया गया है। ऐसे में लोग बल्लभगढ़ के आंकड़ों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
फरीदाबाद में एनआईटी क्षेत्र का प्रदूषण स्तर 297, सेक्टर-11 का 292 और सेक्टर-30 का एक्यूआई 225 दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर बल्लभगढ़ का एक्यूआई 119 दर्ज किया गया है। इसके अलावा पड़ोसी जिले पलवल का एक्यूआई भी 200 के ऊपर दर्ज किया गया है। ऐसे में लोगों का कहना है कि बल्लभगढ़ का एक्यूआई इतना कम कैसे है।
लोगों का कहना है कि शहर में प्रदूषण की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों पर भरोसा नहीं हो रहा है। बल्लभगढ़ के लोगों ने बताया कि है कि इस इलाके में हवा की स्थिति काफी खराब है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सक लोगों को मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं।
वहीं बीके अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि कुछ समय से अस्पताल में सांस रोगियों की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मरीजों में बच्चे और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक है। मोहित अग्रवाल ने अस्थमा और एलर्जी से पीड़ितों को मास्क पहनने की सलाह दी है।
वर्जन -
शहर में हर बार प्रदूषण की स्थिति खराब रहती है। इस मौसम में घर के बुजुर्ग और बच्चों को लेकर चिंता बनी रहती है। - देव प्रकाश
मैं सुबह टहलने के लिए पार्क में जाता था, लेकिन पिछले एक महीने से घर ही योग करता हूं। प्रदूषण की वजह से घर से निकलने का मन नहीं करता । - रमेश