शहर के कई इलाकों में पिछले एक सप्ताह से बनी हुई है समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के कई इलाकों में पिछले एक सप्ताह से लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच लोग बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं।
एनआईटी, सेक्टर-10, डबुआ कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, सेक्टर-3, गाजीपुर, पाली और भारत कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों के निवासियों ने लंबे समय से बिजली गुल रहने की शिकायत की है। गाजीपुर इलाके की निवासी पूजा ने बताया कि पूरी रात बिजली के कट लगते रहे, जिससे लोग सो नहीं पाए। गर्मी से परेशान कई लोग रात में छतों पर सोने को मजबूर रहे। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
डबुआ कॉलोनी निवासी सीमा और नैन्सी ने बताया कि बिजली न होने के कारण पानी की समस्या गंभीर हो गई है। घरों में छोटे बच्चों की जरूरतों के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। सुबह नहाने, घरेलू कार्य करने और बच्चों को स्कूल भेजने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नौकरीपेशा लोगों को भी समय पर दफ्तर पहुंचने में परेशानी हो रही है।
निवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में रात के समय लगातार बिजली कट लगने से लोग ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। गर्मी के कारण छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। बिजली बाधित होने से पानी की मोटरें नहीं चल पा रहीं, जिसके चलते लोगों को बाहर से टैंकर मंगवाकर पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। शहरवासियों ने बिजली निगम से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।