पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित सत्यसाईं अस्पताल के सामने सर्विस रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। प्राथमिक जांच में मामला किसी तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर फरार होने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
बघौला गांव निवासी शेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 फरवरी की सुबह वह सर्विस रोड पर टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। मृतक के शरीर और पेट पर गहरे रगड़ के निशान थे तथा एक पैर टूटा हुआ था, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बघौला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शिकायत के आधार पर थाना गदपुरी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संवाद